हनुमान बेनीवाल का तंज: मैं जिसके साथ हूं, वह लकी है!
नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल जोधपुर के ओसियां में एक कार्यक्रम में देरी से पहुंचे। विधायक भैराराम सियोल ने तंज कसा तो बेनीवाल ने हास्यपूर्ण अंदाज में जवाब दिया
जोधपुर। नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) के संयोजक हनुमान बेनीवाल ने एक कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर अनोखे अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद नहीं पता कि वे अपने लिए लकी हैं या नहीं, लेकिन गारंटी के साथ कह सकते हैं कि जिसके साथ वे होते हैं, वह जरूर लकी हो जाता है।
दरअसल, जोधपुर के ओसियां विधानसभा क्षेत्र में एक कार्यक्रम के लिए ओसियां विधायक भैराराम सियोल ने हनुमान बेनीवाल को आमंत्रित किया था। कार्यक्रम में शामियाना लगाया गया और बड़ी संख्या में लोग जुटे, लेकिन बेनीवाल देरी से पहुंचे। इस पर भैराराम सियोल ने घुमा-फिराकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि समय बता देते तो अच्छा होता, लोग इंतजार करते-करते थक गए और सब व्यवस्था धरी की धरी रह गई।
इसके जवाब में माइक संभालते हुए हनुमान बेनीवाल ने हंसते हुए कहा, "मुझे तो अपना पता नहीं कि मैं खुद के लिए लकी हूं या नहीं, लेकिन यह गारंटी की बात है कि मैं जिसके साथ हूं, वह जरूर लकी है।
हनुमान बेनीवाल की इस बेबाक और हास्यपूर्ण शैली की चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। लोग इसे बजरंगबली हनुमान से जोड़कर मजाकिया अंदाज में कमेंट कर रहे हैं। बेनीवाल अक्सर अपनी देरी और व्यस्तता के लिए पवनपुत्र हनुमान की तरह हर दिशा में घूमने की बात कहते हैं।