केन्द्रीय बजट 2026-27: व्यापारी संवाद में उद्योग, निवेश और जल आत्मनिर्भरता पर जोर
केन्द्रीय बजट 2026-27 पर जयपुर में व्यापारी संवाद, उद्योग सुगमता, निवेश, जल योजनाओं और व्यापारियों को लाभ पर चर्चा
केन्द्रीय बजट 2026-27 को लेकर शनिवार को जयपुर में व्यापारी एवं व्यावसायिक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल और मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने बजट की प्रमुख विशेषताओं और इसके व्यापार, उद्योग व आमजन पर प्रभाव को लेकर अपने विचार रखे।
केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री श्री सी. आर. पाटिल ने कहा कि देश के उद्यमी विकसित भारत के शिल्पकार हैं। उद्योग न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूत करते हैं, बल्कि रोजगार सृजन में भी अहम भूमिका निभाते हैं। इसी सोच के साथ केन्द्र सरकार ने बजट 2026-27 में व्यापार सुगमता के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए हैं। सिंगल विंडो सिस्टम से उद्योगों को लाइसेंस और अनुमतियों में आसानी मिलेगी, जिससे व्यापार को गति मिलेगी।
श्री पाटिल ने कहा कि पूर्व में भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अब देश विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तीसरे स्थान की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मजबूत अर्थव्यवस्था का लाभ आमजन को भी मिल रहा है, इसी कारण आयकर सीमा में राहत दी गई है।
केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि बजट में उद्योग के साथ-साथ कृषि क्षेत्र का भी पूरा ध्यान रखा गया है। किसानों को किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से सीधा लाभ मिल रहा है। सरकार का प्रयास है कि हर वर्ग की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर नीति बनाई जाए।
श्री पाटिल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से राजस्थान जल आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। संशोधित पीकेसी परियोजना और यमुना जल समझौते से राज्य में जल उपलब्धता बढ़ेगी, जिससे उद्योगों को भी लाभ होगा। जल संरक्षण अभियानों के तहत लाखों जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुए भारत-यूएस ट्रेड डील से प्रदेश के व्यापारियों को बड़ा फायदा होगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने बीते दो वर्षों में व्यापार विकास के लिए कई फैसले लिए हैं और निवेश को बढ़ावा मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी केवल अपने लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए काम करता है। उन्होंने व्यापारियों से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक निवेश के लिए आगे आने का आह्वान किया।