सरकार की योजना पर MLA भाटी का तंज, बोले ; सरकार ने मात्र बकरे का नाम शेर रखा

रविंद्र सिंह भाटी ने राजस्थान विधानसभा में पक्ष-विपक्ष पर तंज कसा, बाड़मेर मेडिकल कॉलेज में घोटाले की जांच और डॉक्टरों की कमी दूर करने की मांग की।

Sep 8, 2025 - 18:22
सरकार की योजना पर MLA भाटी का तंज, बोले ; सरकार ने मात्र बकरे का नाम शेर रखा
शिव से निर्दलीय विधायक रवींद्रसिंह सिंह भाटी

राजस्थान विधानसभा में शिव से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने भजनलाल सरकार की रिम योजना पर बड़ा तंज कसा। उन्होंने कहा कि सरकार केवल योजनाओं के नाम बदल रही है, असल में धरातल पर कुछ नहीं है। भाटी ने व्यंग्य करते हुए कहा कि “सरकार ने बकरे का नाम शेर रख दिया है और जनता को गुमराह कर रही है।”

भाटी ने चर्चा के दौरान कहा कि सरकार पहले प्रदेश के मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों की स्थिति सुधारने पर ध्यान दे। उन्होंने कहा कि बाड़मेर मेडिकल कॉलेज और उससे जुड़े राजकीय अस्पतालों में भारी अव्यवस्था और अनियमितताएं देखने को मिल रही हैं। भाटी ने मांग की कि इन अस्पतालों के कामकाज की जांच करवाई जाए, ताकि असली स्थिति जनता के सामने आ सके।

उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज से लेकर गजरा अस्पताल तक का हाल बेहद खराब है। डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। साथ ही, अस्पतालों में भर्ती होने के बावजूद कई बार मरीजों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलतीं। भाटी का कहना था कि अगर सरकार ईमानदारी से जांच करवाएगी तो “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा।

इसी के साथ, विधायक भाटी ने युवाओं की समस्याओं को भी विधानसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों में लंबे समय से कार्यरत युवा कर्मचारी स्थायी नहीं किए जा रहे, जिससे उनमें असंतोष है। भाटी ने सरकार से मांग की कि युवाओं को स्थायी नियुक्ति दी जाए और प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Mahaveer Sankhlecha I am a reporter dedicated to delivering accurate news and meaningful stories to the public.