राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत, 2026 बन सकता है बड़ा सियासी साल

2026 में राजस्थान मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना तेज, भजनलाल सरकार में 6 नए मंत्रियों की एंट्री के संकेत

Jan 1, 2026 - 15:57
राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार के संकेत, 2026 बन सकता है बड़ा सियासी साल

राजस्थान की भजनलाल सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना एक बार फिर चर्चा में है। राजनीतिक गलियारों में माना जा रहा है कि साल 2026 सत्ता और संगठन, दोनों के लिए अहम परीक्षा का वर्ष होगा। इसी साल होने वाले निकाय और पंचायती राज चुनावों से बीजेपी और कांग्रेस की जमीनी लोकप्रियता का आकलन भी साफ तौर पर सामने आ जाएगा।

2025 में चली चर्चाएं, 2026 में फैसला संभव

साल 2025 मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं में ही निकल गया, लेकिन अब 2026 में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, यदि देश में कोई बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम नहीं हुआ तो अप्रैल के बाद कभी भी मंत्रिमंडल फेरबदल किया जा सकता है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की टीम में नए चेहरों की एंट्री को लेकर संगठन स्तर पर मंथन जारी है।

चुनावी रणनीति से जुड़ा फेरबदल

पार्टी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व की मंशा है कि ऐसी टीम मैदान में उतारी जाए जो विकास कार्यों को गति दे और जनता के बीच सरकार की सकारात्मक छवि को मजबूत करे। इसका सीधा फायदा अगले विधानसभा चुनाव में मिलने की उम्मीद है।

छत्तीसगढ़ मॉडल पर नजर

मंत्रिमंडल विस्तार में छत्तीसगढ़ फॉर्मूला अपनाए जाने की भी चर्चा है। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार ने बिना किसी मंत्री को हटाए तीन नए मंत्रियों को शामिल कर कोटा पूरा किया था। अगर यही मॉडल राजस्थान में लागू हुआ तो भजनलाल सरकार में करीब छह नए मंत्री शामिल किए जा सकते हैं।

संवैधानिक प्रावधान और खाली पद

राजस्थान विधानसभा में कुल 200 विधायक हैं। नियमों के अनुसार, इनमें से 15 प्रतिशत यानी मुख्यमंत्री सहित 30 विधायक मंत्री बन सकते हैं। फिलहाल सीएम समेत 24 मंत्री कार्यरत हैं और छह पद खाली हैं। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार की पूरी संवैधानिक गुंजाइश बनी हुई है।