सीकर में दुल्हन गहने और 1 लाख लेकर फरार, पति ने लगाया चोरी का आरोप
शादी के 25 दिन बाद दुल्हन गहने और नकदी लेकर ससुराल से भागी, गुड़गांव में लिव-इन पार्टनर संग रह रही
सीकर जिले के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। शादी के सिर्फ 25 दिन बाद दुल्हन लाखों के गहने और 1 लाख रुपए नकद लेकर ससुराल से फरार हो गई।
पीड़ित युवक ने अब पत्नी और उसके परिवार के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
34 वर्षीय युवक ने रिपोर्ट में बताया कि उसकी शादी 6 अप्रैल को झुंझुनूं जिले के खेमी सती मंदिर में हुई थी। शादी के बाद से ही पत्नी का व्यवहार उसके और परिवार के प्रति ठीक नहीं था।
युवक ने बताया कि 1 मई को उसकी पत्नी अपनी मां और मामा के साथ मायके चली गई और फिर दोबारा ससुराल नहीं लौटी। कुछ दिनों बाद परिवार ने जब जानकारी जुटाई, तो पता चला कि वह गुड़गांव में अपने लिव-इन पार्टनर के साथ रह रही है।
पीड़ित का कहना है कि उसके घर से सोने-चांदी के गहने और 1 लाख रुपए नकद गायब हैं।
पुलिस ने चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच एएसआई जगदीश प्रसाद को सौंपी गई है।