सीकर: रींगस-खाटूश्यामजी रोड पर भीषण हादसा, स्विफ्ट कार और सवारी गाड़ी की टक्कर में तीन युवकों की मौत, दो गंभीर घायल
सीकर जिले के रींगस-खाटूश्यामजी रोड पर लांपुवा के पास रविवार देर रात करीब 2 बजे स्विफ्ट कार और सवारी गाड़ी की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई
सीकर जिले के रींगस-खाटूश्यामजी मार्ग पर चौमूं पुरोहितान और लांपुवा के बीच रविवार देर रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्विफ्ट कार और एक सवारी गाड़ी (पैसेंजर व्हीकल) के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।रींगस थाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रींगस थाने के एएसआई सांवताराम गुर्जर ने बताया कि सवारी गाड़ी का ड्राइवर अजय देवंदा (35 वर्ष), निवासी रींगस, खाटूश्यामजी से रींगस की ओर आ रहा था। वहीं, स्विफ्ट कार में सवार चार युवक खाटूश्यामजी की तरफ जा रहे थे। लांपुवा गांव के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में सवारी गाड़ी ड्राइवर अजय देवंदा और स्विफ्ट कार ड्राइवर गौरव सैनी (22 वर्ष), पुत्र शंकर माली, निवासी सुरतपुरा (दौसा) शामिल हैं। कार में सवार अन्य तीन युवकों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान कार सवार अजय सैनी (25 वर्ष), पुत्र रेवती लाल की भी मौत हो गई।घायलों में भारत सैनी (18 वर्ष), निवासी बड़ा कुआं मंडावरी (दौसा) और रामकेश (25 वर्ष), निवासी गोपालगढ़ (करौली) शामिल हैं। दोनों का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है।शवों को अलग-अलग अस्पतालों की मॉर्चरी में रखवाया गया है:गौरव सैनी (माली) का शव खाटूश्यामजी उप जिला अस्पताल में।
अजय देवंदा का शव रींगस उप जिला अस्पताल में।
अजय सैनी का शव एसएमएस अस्पताल (जयपुर) की मॉर्चरी में।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। इस मार्ग पर अक्सर श्रद्धालुओं की आवाजाही रहती है, जिससे सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।