जयपुर में अमित शाह का गहलोत पर पलटवार: बोले– भाजपा कहती नहीं, करके दिखाती है।

जयपुर में अमित शाह ने कहा कि भाजपा सरकार वादे निभाने में विश्वास रखती है। भजनलाल सरकार ने 7 लाख करोड़ के एमओयू जमीन पर उतारे।

Oct 13, 2025 - 15:25
जयपुर में अमित शाह का गहलोत पर पलटवार: बोले– भाजपा कहती नहीं, करके दिखाती है।
आज के कार्यक्रम में अमित शाह

जयपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को जयपुर में आयोजित ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर सीधा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि “ये भाजपा की सरकार है, कांग्रेस की नहीं। हम जो कहते हैं, वो करते हैं।”

शाह ने कहा कि आज चार लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की नींव रखी गई है। उन्होंने याद दिलाया कि जब राइजिंग राजस्थान समिट हुई थी, तब अशोक गहलोत ने पूछा था कि “35 लाख करोड़ के एमओयू में से कितने धरातल पर उतरेंगे?” शाह ने कहा, “उस समय हमने कुछ नहीं कहा था, लेकिन आज मैं जवाब देना चाहता हूं कि भजनलाल शर्मा सरकार ने अब तक 7 लाख करोड़ रुपये के एमओयू को जमीन पर उतार दिया है। यह बहुत बड़ी उपलब्धि है।”

उन्होंने विश्वास जताया कि राजस्थान की भाजपा सरकार एमओयू के क्रियान्वयन के मामले में देश की औसत दर से कई गुना आगे जाएगी। शाह ने जयपुर एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में तीन नए आपराधिक कानूनों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया।

शाह ने इस मौके पर पीएम सूर्य घर योजना के तहत 150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के पंजीकरण की शुरुआत की और लगभग 9,600 करोड़ रुपये की लागत वाले 1,100 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

यह पिछले तीन महीनों में शाह का राजस्थान का तीसरा दौरा है। इससे पहले वे सितंबर में जोधपुर और जुलाई में जयपुर आए थे। शाह ने कहा कि भाजपा सरकार जनहित के कार्यों को गति देने और निवेश को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।

Prahlad Ratnoo As a passionate reader, I believe every story deserves to be heard. I strive to bring heartfelt stories to life.