बाड़मेर: शातिर बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, आला दर्जे के बदमाश अयूब खान सहित दो गिरफ्तार, 8 चोरी की बाइक बरामद
बाड़मेर जिले के सेड़वा थाना पुलिस ने बाइक चोरी के गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों - अयूब खान और लियाकत को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 9 चोरी की वारदातों का खुलासा किया,
बाड़मेर। जिले के सेड़वा थाना पुलिस ने बाइक चोरी की बढ़ती वारदातों पर लगाम लगाते हुए बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इन वारदातों में सेड़वा और बाखासर इलाके शामिल हैं, जहां से कुल 9 बाइक चोरी की घटनाओं का पता चला है। एक बाइक की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मुख्य आरोपी अयूब खान पहले से ही वाहन चोरी के कई मामलों में वांछित है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाएं बढ़ने पर सेड़वा थानाधिकारी प्रभुराम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सूचना और तकनीकी सहायता से सबूत जुटाए और कड़ी मेहनत से चोरों तक पहुंच बनाई।घटना की शुरुआत 20 दिसंबर को हुई, जब सेड़वा के झडपा निवासी जयराम पुत्र आसुराम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 19 दिसंबर की रात को उनके घर के पास खड़ी हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरों ने चुरा ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की और इसी कड़ी में अन्य चोरी की घटनाओं से लिंक जोड़ा गया।
पुलिस टीम ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी की। इसमें अयूब खान पुत्र अमीर खान (निवासी बीसासर, थाना धनाऊ) और लियाकत उर्फ लियाकत पुत्र दिलावर (निवासी सिहानिया, सेड़वा) को डिटेन किया गया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदातें कबूल कर लीं। उन्होंने सेड़वा इलाके से 3 और बाखासर इलाके से 5 बाइक चुराने की बात स्वीकारी। कुल 9 वारदातों में से 8 बाइक पुलिस ने बरामद कर ली हैं।
एसपी मीना ने बताया कि मुख्य आरोपी अयूब खान आला दर्जे का वाहन चोर है। उसके खिलाफ पहले से 9 मामले दर्ज हैं, जिनमें 7 वाहन चोरी के और 1-1 किडनैपिंग के हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि अन्य संभावित वारदातों और साथियों का पता लगाया जा सके।