नरेश मीणा को लेकर अशोक गहलोत की भविष्यवाणी

अशोक गहलोत ने नरेश मीणा के राजनीति में लंबा भविष्य की भविष्यवाणी की, SMS अग्निकांड पर कड़ी चेतावनी दी और अंता उपचुनाव पर भी टिप्पणी की।

Oct 7, 2025 - 11:49
नरेश मीणा को लेकर अशोक गहलोत की भविष्यवाणी
इमेज सोशल मीडिया से लिया गया है।

टोंक। आज राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने टोंक में मीडिया से बातचीत करते हुए राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर अपनी भविष्यवाणी और विचार साझा किए। उन्होंने नरेश मीणा के बारे में कहा कि उनका राजनीति में लंबा भविष्य हो सकता है, लेकिन उन्हें अपने गुस्से और आवेगों पर काबू रखना होगा। गहलोत ने कहा कि अंता चुनाव में कांग्रेस की जीत निश्चित है और टिकट का निर्णय केवल पार्टी आलाकमान करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि रंधावा जी जल्द ही आएंगे और टिकट का अंतिम निर्णय हो जाएगा।

भजनलाल को नसीहत

अशोक गहलोत ने वर्तमान मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को सलाह दी कि वे सरकार को जनता की भलाई और विकास के लिए काम करने दें। उन्होंने जोर देकर कहा कि अगर सरकार अच्छे शासन और गुड गवर्नेंस सुशासन प्रदान करती है, तो इसका सीधा लाभ जनता को मिलता है। गहलोत ने चेतावनी दी कि SMS अग्निकांड जैसी घटनाएँ भविष्य में दोबारा नहीं होनी चाहिए।

SMS अग्निकांड पर खरी खरी

गहलोत ने SMS अस्पताल में आग की घटना पर भी कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खानापूर्ति के लिए केवल 5-7 लोगों की कमेटी बनाकर किसी समाधान की उम्मीद नहीं की जा सकती। घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और कारणों का पता लगाया जाना चाहिए। इसके लिए आयोग का गठन किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

प्रदेश सरकार पर प्रहार

प्रदेश सरकार पर टिप्पणी करते हुए गहलोत ने कहा कि आजकल बिना पैसे के कहीं भी काम नहीं होता। जनता किसके पास जाकर मदद मांगे, यह सोचकर उन्हें दुख होता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार चरम पर है और इससे आम जनता परेशान है।

आज गहलोत मंगलवार सुबह जयपुर से कोटा जाते समय टोंक में मीडिया से रूबरू हुए और सभी मुद्दों पर खुलकर अपनी राय व्यक्त की।

Prahlad Ratnoo As a passionate reader, I believe every story deserves to be heard. I strive to bring heartfelt stories to life.