RGHS भुगतान को लेकर अशोक गहलोत का हमला, भजनलाल सरकार पर साधा तीखा निशाना

RGHS भुगतान अटका होने पर अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार को घेरा, बुजुर्ग पेंशनर्स की परेशानी उजागर

Feb 8, 2026 - 09:51
RGHS भुगतान को लेकर अशोक गहलोत का हमला, भजनलाल सरकार पर साधा तीखा निशाना

राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर सियासी गर्माहट जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया के जरिए भजनलाल सरकार को घेरते हुए आरजीएचएस (RGHS) योजना के भुगतान को बड़ा मुद्दा बनाया है। गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के भाषण और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा भाषण का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने दो घंटे के भाषण में ‘5 साल बनाम 2 साल’ के बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन प्रदेश की वास्तविक स्थिति कुछ और ही कहानी बयां कर रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरजीएचएस योजना के तहत भुगतान न होने को लेकर भाजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया। गहलोत का कहना है कि प्रदेश में इस योजना के तहत दवा विक्रेताओं के लगभग 800 करोड़ रुपये बकाया हैं। नियमों के अनुसार 21 दिनों के भीतर भुगतान होना चाहिए, लेकिन फाइलें पिछले छह महीनों से अटकी हुई हैं।

अशोक गहलोत ने दावा किया कि भुगतान न होने का सीधा असर बुजुर्ग पेंशनर्स और बीमार सरकारी कर्मचारियों पर पड़ रहा है। कई मेडिकल स्टोर्स पर दवाइयां नहीं मिल पा रही हैं, जिससे मरीजों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। मजबूरी में उन्हें महंगे निजी इलाज का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ और बढ़ गया है।

गहलोत ने सरकार के ‘सुशासन’ के दावों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर सुशासन की बात कर रही है, जबकि दूसरी ओर आम जनता, खासकर बुजुर्ग और बीमार लोग, बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भटकने को मजबूर हैं। उनके मुताबिक सत्ता में बैठकर पिछली सरकारों की आलोचना करना आसान है, लेकिन योजनाओं को सुचारु रूप से चलाना बड़ी जिम्मेदारी है।