गर्लफ्रेंड के खर्चे पूरे करने में कर्ज हुआ तो बना तस्कर, स्कॉर्पियो में 544 किलो डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार
बाड़मेर में NATF ने स्कॉर्पियो से 544 किलो डोडा पोस्त पकड़ा, आरोपी गर्लफ्रेंड के खर्चे पूरे करने को करता था तस्करी।
बाड़मेर: राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (NATF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी गोकलाराम पुत्र मोराराम निवासी सरली, थाना सदर बाड़मेर स्कॉर्पियो में 544 किलो डोडा पोस्त लेकर जोधपुर की ओर सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने करीब 20 किलोमीटर पीछा कर उसे पकड़ा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 35 जिंदा कारतूस, एक मैग्जीन और 6 अलग-अलग राज्यों की नंबर प्लेटें बरामद कीं। सोमवार देर रात सूचना पर पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी की गाड़ी जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र में खंभे से टकरा गई, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
---
गर्लफ्रेंड के खर्चे पूरे करने के लिए की तस्करी
आईजी विकास कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया — उसने अपनी गर्लफ्रेंड के खर्चे और शौक पूरे करने के लिए तस्करी शुरू की। छठी कक्षा पास गोकलाराम को महंगी गाड़ियों और ऐशोआराम का शौक था।
वह 2011 से 2015 तक अवैध शराब की ट्रक भरकर हरियाणा से गुजरात सप्लाई करता था। इसी दौरान कर्ज बढ़ता गया, जिसे चुकाने के लिए उसने 2016 में डोडा पोस्त की तस्करी शुरू की। 2018 में सदर पुलिस ने उसे बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया था।
---
15 महीने जेल में रहने के बाद फिर शुरू की तस्करी
कई बार जेल जाने के बाद गोकलाराम 10 अक्टूबर 2025 को ही जमानत पर बाहर आया था। बाहर आने के बाद उसने कर्ज चुकाने और गर्लफ्रेंड के खर्चे पूरे करने के लिए महीने में तीन बार सप्लाई का प्लान बनाया। तीसरी सप्लाई के दौरान ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
---
गाड़ी में 544 किलो डोडा पोस्त और हथियार बरामद
पुलिस ने आरोपी की स्कॉर्पियो गाड़ी से 27 कट्टों में भरा कुल 544 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया। गाड़ी की सीटें निकालकर उसके अंदर ड्रग्स छुपाए गए थे। इसके अलावा 35 जिंदा कारतूस, एक खाली मैग्जीन, और महाराष्ट्र, केरल, गुजरात, राजस्थान की 6 हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेटें बरामद की गईं।
पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।