बाड़मेर में शराबी टीचर की शर्मनाक हरकत: छात्रा की कॉपी में लिखा मोबाइल नंबर, प्रिंसिपल ने किया रिलीव

बाड़मेर के हापों की ढाणी स्कूल में नशे में धुत टीचर छात्रा की कॉपी में मोबाइल नंबर लिखते पकड़ा गया।

Nov 1, 2025 - 08:41
बाड़मेर में शराबी टीचर की शर्मनाक हरकत: छात्रा की कॉपी में लिखा मोबाइल नंबर, प्रिंसिपल ने किया रिलीव
नशे की हालत में सो रहा सरकारी टीचर

राजस्थान के बाड़मेर जिले में सरकारी स्कूल के एक शिक्षक की शर्मनाक हरकत सामने आई है। हापों की ढाणी उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक शिक्षक शराब के नशे में स्कूल पहुंचा और गैलरी में बेहोश पड़ा मिला। छात्रों ने यह दृश्य देखकर ग्रामीणों और स्कूल स्टाफ को जानकारी दी। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मामला शुक्रवार शाम करीब छह बजे का है। घटना के बाद कार्यवाहक प्रिंसिपल ने तत्काल शिक्षक को रिलीव कर दिया और उच्चाधिकारियों को सूचित किया।

🔹 छात्रा की कॉपी में लिखा मोबाइल नंबर

गांव के लोगों ने बताया कि शिक्षक मदनलाल (ग्रेड थर्ड, लेवल सेकंड) ने सुबह स्कूल में एक छात्रा की कॉपी में अपना मोबाइल नंबर लिख दिया था। जब यह बात प्रिंसिपल तक पहुंची तो उन्होंने शिक्षक को बुलाकर फटकार लगाई। इस पर आरोपी ने सफाई दी कि वह किराए का मकान ढूंढ रहा था, इसलिए नंबर दिया।

🔹 डेपुटेशन पर आया था शिक्षक

कार्यवाहक प्रिंसिपल लीलावती ने बताया कि शिक्षक को 28 अक्टूबर को ही डेपुटेशन पर हापों की ढाणी स्कूल में लगाया गया था। छात्रा से अनुचित व्यवहार और शराब पीने की जानकारी मिलने पर पीईईओ को अवगत कराते हुए उसे रिलीव कर दिया गया।

🔹 छुट्टी के बाद स्कूल में पहुंचा और बेहोश पड़ा मिला

प्रिंसिपल के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के बाद शाम में वह फिर से शराब के नशे में स्कूल लौट आया और बरामदे में बेहोश पड़ा मिला। चूंकि स्कूल में मरम्मत कार्य चल रहा था, गेट पर ताला नहीं लगाया गया था।

🔹 शिक्षा विभाग पर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की यह आदत पहले से थी और विभाग को इसकी जानकारी भी दी गई थी, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब लोगों का सवाल है कि शिक्षा विभाग ऐसे शिक्षकों की करतूत पर कार्रवाई क्यों नहीं करता?

Mahaveer Sankhlecha I am a reporter dedicated to delivering accurate news and meaningful stories to the public.