बाड़मेर में पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की मूर्ति खंडित, कांग्रेस ने जताया आक्रोश — आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

बाड़मेर में इंदिरा गांधी की मूर्ति तोड़ी गई, कांग्रेस ने दोषियों की गिरफ्तारी और CCTV लगाने की मांग की।

Nov 1, 2025 - 15:48
बाड़मेर में पूर्व पीएम इंदिरा गांधी की मूर्ति खंडित, कांग्रेस ने जताया आक्रोश — आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

बाड़मेर शहर में असामाजिक तत्वों ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की मूर्ति को खंडित कर दिया, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। यह मूर्ति सर्किट हाउस के पास स्थित इंदिरा सर्किल पर लगी हुई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की “आयरन लेडी” के रूप में जानी जाने वाली इंदिरा गांधी की मूर्ति को नुकसान पहुंचाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह कृत्य समाज में गलत संदेश देता है।

🔹 कांग्रेस का प्रशासन से जवाब– कैमरे क्यों नहीं लगे?

जिला कांग्रेस संगठन मंत्री मेवाराम सोनी ने बताया कि उन्हें सोशल मीडिया के जरिए मूर्ति खंडित होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मूर्ति की नाक का हिस्सा टूटा हुआ जमीन पर पड़ा था। उन्होंने कहा कि यह घटना शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस स्थान पर मूर्ति लगी है, वहां CCTV कैमरे नहीं लगे हैं, जिससे असामाजिक तत्वों को ऐसे कृत्य करने का मौका मिलता है। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना को ज्ञापन देकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और सर्किल पर कैमरे लगाने की मांग की है।

🔹 अशोक गहलोत ने किया था मूर्ति का अनावरण

बताया गया है कि इंदिरा गांधी की याद में सर्किट हाउस के पास इंदिरा सर्किल का निर्माण पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में हुआ था, और उन्हीं के हाथों मूर्ति का अनावरण किया गया था। बाद में नगर परिषद की लापरवाही के चलते यह सर्किल देखभाल के अभाव में जर्जर हो गया।

कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन से अपील की है कि सर्किल की सुरक्षा और सौंदर्यकरण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।

Mahaveer Sankhlecha I am a reporter dedicated to delivering accurate news and meaningful stories to the public.