मगरमच्छ ने महिला पर किया अटैक ; तालाब किनारे चिल्लाती रही बेटी, मां को तालाब में खींचकर ले गया मगरमच्छ
उदयपुर में तालाब किनारे कपड़े धो रही महिला पर मगरमच्छ ने अटैक कर दिया। महिला ने अपनी बेटी को दूर किया तब तक मगरमच्छ ने पीछे से हमला कर उसे पकड़ लिया और खींचकर तालाब में ले गया। इस हादसे में महिला की दर्दनाक मौत हो गई। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सिविल डिफेंस और पुलिस ने महिला के क्षत विक्षत शव को तालाब से बाहर निकाला। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
राजस्थान के उदयपुर में एक महिला को मगरमच्छ ने अपना शिकार बना लिया। बताया जा रहा है कि महिला की बेटी पर मगरमच्छ ने हमला किया था। जब महिला ने अपनी बेटी को बचाने की कोशिश की तो मगरमच्छ ने उसे पकड़ लिया और खींचते हुए तालाब में ले गया। यह घटना उदयपुर जिले के हिरण मगरी थाना इलाके में हुई।
जैसे ही मगरमच्छ महिला को तालाब में खींचकर ले गया तो उसकी बेटी चिल्लाने लगी। बेटी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने काफी मशक्कत के बाद महिला को तालाब से बाहर निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी और मगरमच्छ ने उसके शरीर के कुछ हिस्सों को काट खाया था।
तालाब किनारे कपड़े धो रही थी महिला
हिरण मगरी थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि झामर कोटड़ा ग्राम पंचायत के पारोला गांव की रहने वाली 34 वर्षीय प्यारी देवी अपनी 12 साल की बेटी के साथ जंगल में बकरियां चराने गई थी। दोपहर करीब 3 बजे महिला हाथ-पैर और कपड़े धोने के लिए तालाब किनारे गई थी।
कपड़े धोते समय अचानक तालाब से मगरमच्छ बाहर आया और हमला कर दिया। महिला ने अपनी बेटी को दूर किया ताकि वह सुरक्षित रहे। उसी दौरान मगरमच्छ ने महिला को पीछे से पकड़ लिया और खींचते हुए तालाब में ले गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत और सर्च ऑपरेशन के बाद महिला का शव तालाब से बाहर निकाला गया। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी और मगरमच्छ ने उसके शरीर का कुछ हिस्सा खा लिया था।
तालाब के आसपास है नेचर पार्क
तालाब के आसपास का इलाका बागदड़ नेचर पार्क में आता है। माना जा रहा है कि नेचर पार्क से ही मगरमच्छ तालाब में आया होगा। घटना के बाद से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।