डेयरी की आड़ में ड्रग्स का खेल पत्नी ने फ्लश में बहाया डोडा पोस्त फिर भी पुलिस ने पकड़ा सबूत
बाड़मेर शहर के राय कॉलोनी में डेयरी संचालक प्रभुराम (प्रभुलाल) के घर और दुकान पर एएनटीएफ + कोतवाली पुलिस ने छापेमारी की। आरोपी की पत्नी ने डोडा पोस्त को टॉयलेट में फ्लश कर बहाने की कोशिश की, लेकिन कुछ हिस्सा फर्श पर गिर गया जिसे पुलिस ने जब्त किया।
बाड़मेर शहर में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई हुई है। सोमवार देर शाम एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने राय कॉलोनी रोड स्थित एक डेयरी संचालक प्रभुराम (या प्रभुलाल) के किराए के मकान पर छापेमारी की। सूचना मिली थी कि डेयरी की आड़ में अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई और तस्करी का बड़ा नेटवर्क चल रहा है।टीम जब मकान पर पहुंची तो आरोपी की पत्नी मौजूद थी।
पुलिस को अंदर आता देख उसने हड़बड़ी में घर में छिपाकर रखे अवैध डोडा पोस्त को टॉयलेट में डालकर फ्लश दबा दिया। नशीला पदार्थ पानी के साथ बह गया, लेकिन हड़बड़ाहट में कुछ हिस्सा फर्श पर गिर गया। पुलिस टीम ने इस गिरे हुए हिस्से को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया।
कोतवाली थानाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि टीम ने न केवल मकान, बल्कि डेयरी परिसर और वहां खड़ी गाड़ियों की भी गहन तलाशी ली। देर रात तक यह ऑपरेशन जारी रहा। पुलिस को शक है कि यह तस्करी का कोई बड़ा नेटवर्क का हिस्सा है, जिसमें और लोग शामिल हो सकते हैं।
एसएचओ मनोज कुमार ने कहा, "राय कॉलोनी के डेयरी मालिक प्रभुलाल की दुकान और मकान पर एक साथ दबिश दी गई। दुकान, मकान और गाड़ी की तलाशी ली जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।"