बीकानेर दौरे पर केंद्रीय मंत्री शेखावत, अरावली, मनरेगा और चुनाव पर बोले

बीकानेर में गजेंद्र सिंह शेखावत ने अरावली, खेजड़ी संरक्षण, मनरेगा और बंगाल चुनाव पर बयान दिया

Dec 26, 2025 - 10:24
बीकानेर दौरे पर केंद्रीय मंत्री शेखावत, अरावली, मनरेगा और चुनाव पर बोले

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत गुरुवार (26 दिसंबर) को बीकानेर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लेने की पुष्टि की। दौरे के दौरान उन्होंने अरावली पर्वत श्रृंखला में खनन को लेकर देशभर में चल रही बहस पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी और विपक्ष पर निशाना साधा।

बीकानेर पहुंचने पर मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अरावली को लेकर विपक्ष के नेताओं ने बेवजह विवाद खड़ा किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नाम लिए बिना टिप्पणी करते हुए कहा कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय का प्रेस नोट जारी होने के बाद इस “नॉन इशू को इशू” बनाने वालों की हवा निकल गई है। शेखावत ने स्पष्ट किया कि सरकार पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर है और किसी भी तरह के भ्रम फैलाने की जरूरत नहीं है।

बिश्नोई समाज द्वारा खेजड़ी वृक्षों को बचाने के लिए चलाए जा रहे आंदोलन और प्रस्तावित महापड़ाव पर प्रतिक्रिया देते हुए शेखावत ने कहा कि खेजड़ी वृक्ष राजस्थान की संस्कृति और आस्था से जुड़ा है। यह वृक्ष सभी के लिए पूजनीय है और प्रदेश सरकार इसे लेकर पूरी तरह संवेदनशील और गंभीर है।

मनरेगा के मुद्दे पर बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि मनरेगा लागू हुए लगभग बीस साल हो चुके हैं और इस अवधि में देश का सामाजिक और आर्थिक परिदृश्य काफी बदल गया है। ऐसे में समय-समय पर इसमें संशोधन किया जाना स्वाभाविक और जरूरी है।

पश्चिम बंगाल में आगामी चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर शेखावत ने कहा कि वहां लंबे समय से भय की राजनीति चल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले चुनाव में हालात बदलेंगे और लोकतांत्रिक माहौल मजबूत होगा।

बीकानेर पहुंचने पर सर्किट हाउस में जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, एसपी कावेन्द्र सिंह सागर, भाजपा शहर अध्यक्ष सुमन छाजेड़, भाजपा देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया सहित कई जनप्रतिनिधियों ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। शेखावत ने सभी का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार बीकानेर सहित पूरे क्षेत्र के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के बाद वे दोपहर में नाकोड़ा के लिए प्रस्थान करेंगे।