गांव में रोजगार का नया फॉर्मूला: मदन दिलावर बोले– गाय चराओ, हर महीने पाओ 10 हजार
बारां में मंत्री मदन दिलावर का बड़ा बयान, गांव में गाय चराने पर हर माह 10 हजार रुपये देने का ऐलान
राजस्थान के शिक्षा और पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने गांव के लोगों के लिए हर महीने 10 हजार रुपये कमाने का एक नया फॉर्मूला बताया है। यह बयान उन्होंने बारां जिले के दौरे के दौरान एक जनसभा में दिया। मंत्री ने कहा कि अगर गांव के लोग चारागाहों में गाय चराने की व्यवस्था करें तो ग्वालों को हर महीने 10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
जनसभा में किया ‘नौकरी’ का ऐलान
सोमवार को बारां पहुंचे मदन दिलावर ने एक गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पुराने समय की परंपरा को फिर से अपनाएं। मंत्री ने कहा कि पहले गांव में एक ग्वाला पूरे गांव की गायों को चराने ले जाता था और शाम को सभी गायें अपने-अपने घर लौट आती थीं। उसी समय को गोधूलि बेला कहा जाता था। मदन दिलावर ने अपने बचपन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने खुद यह व्यवस्था देखी है। उन्होंने बताया कि गायों के लौटने से उड़ने वाली धूल को ही गोधूलि बेला कहा जाता था। मंत्री ने कहा कि यह व्यवस्था न केवल गायों के लिए अच्छी थी, बल्कि गांव की सामूहिक जिम्मेदारी का भी उदाहरण थी।
ग्वालों का पैसा मैं दूंगा: दिलावर
मंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि ग्वालों का वेतन वे खुद देंगे। उन्होंने साफ कहा कि गांव के लोग आपस में बैठक करें और ग्वालों को नियुक्त करें। जिस दिन से गाय चराने की व्यवस्था शुरू होगी, उसी दिन से हर महीने 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पैसा वही देंगे, लेकिन शर्त यही है कि गायों को नियमित रूप से चराने भेजा जाए।
चारागाहों से हटेगा अवैध कब्जा
मदन दिलावर ने चारागाहों पर हो रहे अवैध कब्जों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गायों को चराने नहीं भेजने की वजह से ही चारागाहों पर कब्जे हुए हैं। अगर गांव के लोग तीन-चार महीने तक गाय चराने लगेंगे तो कब्जे अपने आप हट जाएंगे। अगर फिर भी कब्जा नहीं हटता तो प्रशासन की मदद से जमीन छुड़ाई जाएगी। मदन दिलावर के इस बयान को लेकर राजनीतिक विवाद की संभावना भी जताई जा रही है। पहले भी मदन दिलावर के कई बयान विपक्ष के निशाने पर रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इस बयान को भी विपक्ष मुद्दा बना सकता है।