एक क्लिक की डील, करोड़ों की चोरी! ऑनलाइन रिक्वायरमेंट बनी सिरदर्द

कोटा के महावीर नगर क्षेत्र में एक ज्वेलरी दुकान से सवा करोड़ रुपये मूल्य का सोना चोरी हो गया। नया कारीगर बनकर आया युवक एक दिन में ही वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है।

Jan 26, 2026 - 20:56
एक क्लिक की डील, करोड़ों की चोरी! ऑनलाइन रिक्वायरमेंट बनी सिरदर्द
Imaginary image

राजस्थान के कोटा शहर में ज्वेलरी कारोबार से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। महावीर नगर थाना क्षेत्र स्थित एक ज्वेलरी दुकान से करीब सवा करोड़ रुपये मूल्य का सोना चोरी होने की सूचना दर्ज कराई गई है। चोरी की गई सोने की कुल मात्रा लगभग 761 ग्राम बताई जा रही है।

दुकान संचालक के अनुसार हाल ही में कारीगर की आवश्यकता होने पर ऑनलाइन माध्यम से संपर्क किया गया था। इसके बाद एक एजेंट के जरिए इमरान मलिक नाम का युवक दुकान पर कारीगर बनकर काम करने आया। वह शनिवार को कोटा पहुंचा और उसी दिन से दुकान में काम शुरू कर दिया।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले ही दिन दुकान की गतिविधियों और मैनेजर की दिनचर्या पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। रविवार दोपहर जब मैनेजर भोजन के लिए बाहर गया, तभी आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और कार्यशाला में रखा करीब 461 ग्राम सोना समेत अन्य ज्वेलरी लेकर फरार हो गया।

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपी की गतिविधियां स्पष्ट रूप से कैद हुई हैं। फुटेज में उसे संदिग्ध तरीके से सामान उठाते और बाहर जाते देखा जा सकता है। ज्वेलर्स ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है।

घटना के बाद जिस एजेंट के माध्यम से कारीगर को लाया गया था, उसका फोन भी बंद आ रहा है, जिससे संदेह और गहरा गया है। पीड़ित व्यापारी ने महावीर नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी इमरान मलिक की तलाश में जुटी हुई है और साथ ही एजेंट की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Nathusingh BA/MA Arts