सांचौर में खौफनाक वारदात: पति ने पत्नी की हत्या कर टांके में कूदकर दी जान
सांचौर के कालुपरा गांव में मानसिक रूप से अस्थिर पति ने हथौड़े से पत्नी की हत्या कर दी। बाद में खुद टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली।
सांचौर। कस्बे के कालुपरा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। बताया जा रहा है कि वागाराम पुत्र सुखराम बिश्नोई नामक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी बाबू देवी पर हथौड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद टांके (पानी के कुंड) में कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शाम करीब 5 बजे की बताई जा रही है।
जैसे ही परिजन घर पहुंचे, उन्होंने बाबू देवी को खून से लथपथ अवस्था में देखा। बाद में टांके में वागाराम का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सांचौर बीके जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। एएसपी, डीएसपी और थानाधिकारी देवेंद्र सिंह कच्छवाह देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहे। दोनों शवों का पोस्टमार्टम शुक्रवार को किया जाएगा।
विवाद के बाद हत्या, फिर आत्महत्या
थानाधिकारी देवेंद्र सिंह कच्छवाह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ने पर वागाराम ने हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे बाबू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वागाराम ने घर के पास बने टांके में कूदकर अपनी जान दे दी।
मानसिक रूप से अस्थिर था वागाराम
परिजनों के अनुसार, वागाराम का मानसिक संतुलन लंबे समय से ठीक नहीं था। वह अक्सर घर वालों को परेशान करता था और करीब एक महीने पहले भी उसने इसी टांके में कूदकर आत्महत्या की कोशिश की थी, लेकिन उस समय परिवार वालों ने उसे बचा लिया था। गुरुवार को जब घर पर केवल पति-पत्नी ही मौजूद थे, तब यह भयावह घटना घटित हुई, जिसने पूरे गांव को शोक और सन्नाटे में डुबो दिया।