सड़क निर्माण विवाद पर सांसद बेनीवाल का हमला, ठेकेदार की धमकी को बताया सामंतवादी सोच

सड़क निर्माण विवाद में ठेकेदार की धमकी पर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने कड़ा रुख अपनाया, जांच की मांग की

Dec 27, 2025 - 13:38
सड़क निर्माण विवाद पर सांसद बेनीवाल का हमला, ठेकेदार की धमकी को बताया सामंतवादी सोच

शिव विधानसभा क्षेत्र के मती का गोल और देवका गांव में घटिया सड़क निर्माण को लेकर उठा विवाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस मामले में एक ठेकेदार द्वारा शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी का नाम लेकर ग्रामीणों को धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर आक्रोश देखने को मिला। मामले के तूल पकड़ने पर शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने ग्रामीणों से माफी मांगते हुए पूरे घटनाक्रम पर खेद जताया था।

अब इस प्रकरण पर बाड़मेर-जैसलमेर सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने ठेकेदार के व्यवहार को सामंतवादी मानसिकता वाला बताते हुए कड़ी आलोचना की। सांसद बेनीवाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी प्रतिनिधि है और किसी भी ठेकेदार या व्यक्ति को जनता को धमकाने का अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। यदि सड़क निर्माण में अनियमितता या लापरवाही हुई है तो उसकी जांच जरूरी है और ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। सांसद ने स्पष्ट कहा कि घटिया काम करना और फिर दबंगई दिखाकर ग्रामीणों को डराना पूरी तरह गलत है।

उन्होंने ठेकेदार द्वारा इस्तेमाल की गई असभ्य और अमर्यादित भाषा को लोकतंत्र के खिलाफ बताया और कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी इस तरह की सामंतवादी मानसिकता वाला व्यवहार किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।