राजस्थान में बढ़ता सिंथेटिक नशा, विधानसभा में विधायक रविंद्र भाटी बोले- उड़ता राजस्थान बनेगा खतरा
राजस्थान विधानसभा में एमडी और स्मैक के बढ़ते खतरे पर गंभीर चर्चा। विधायक रविंद्र भाटी ने सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
राजस्थान विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव के दौरान शिव से निर्दलीय विधायक रविंद्र भाटी ने प्रदेश में बढ़ रही नशे की समस्या को बेहद गंभीर बताते हुए चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक ड्रग, खासकर एमडी और स्मैक की अवैध फैक्ट्रियां राजस्थान के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं। इस विषय को समावेशी बताते हुए कहा कि यह न किसी जाति से जुड़ा मुद्दा है और न धर्म से, बल्कि हर वर्ग का परिवार इससे प्रभावित हो रहा है।
पश्चिमी राजस्थान बना नया हॉटस्पॉट
विधानसभा में रविंद्र सिंह भाटी ने बताया कि पश्चिमी राजस्थान में कई जगहों पर एमडी ड्रग और स्मैक बनाने की फैक्ट्रियों का जाल फैल चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो जैसे कभी पंजाब को ‘उड़ता पंजाब’ कहा जाने लगा था, उसी तरह आने वाले समय में राजस्थान भी ‘उड़ता राजस्थान’ बन सकता है। उन्होंने कहा कि नशा युवा पीढ़ी को गर्त में धकेल रहा है और इसे रोकना अब बेहद जरूरी हो गया है।
अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर के पास सक्रिय गैंग
विधायक ने कहा कि सिंथेटिक नशे की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि आज मोहल्लों और गलियों में नशेड़ियों की संख्या बढ़ती जा रही है। कई इलाकों में महिलाएं और आम लोग सुरक्षित महसूस नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि बॉर्डर के पास कुछ क्षेत्रों में कंटेनरों को मॉडिफाई कर एमडी ड्रग तैयार की जा रही है और डोडा पोस्त का अवैध कारोबार भी सक्रिय है।
सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग
रविंद्र भाटी ने राज्य सरकार से अपील की कि युवा पीढ़ी को बचाने के लिए मजबूत कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि डोडा पोस्त को कंट्रोल किए जाने के बाद उम्मीद जगी थी कि स्थिति सुधरेगी, लेकिन अब हालात और बिगड़ते दिखाई दे रहे हैं। भाटी ने कहा कि नशे की समस्या एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देती है, इसलिए सरकार, जनप्रतिनिधियों और समाज को मिलकर इस खतरे को रोकना होगा।