भारत सरकार' लिखी फर्जी कैश वैन से डोडा पोस्त तस्करी करने वाला इनामी आरोपी 9 महीने बाद गिरफ्तार

बाड़मेर पुलिस ने 9 महीने से फरार चल रहे इनामी डोडा पोस्त तस्कर को चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम था। वह चित्तौड़गढ़ से राजस्थान के विभिन्न जिलों में अवैध डोडा पोस्त सप्लाई करता था।

Dec 27, 2025 - 12:44
भारत सरकार' लिखी फर्जी कैश वैन से डोडा पोस्त तस्करी करने वाला इनामी आरोपी 9 महीने बाद गिरफ्तार

बाड़मेर/चित्तौड़गढ़। राजस्थान के बाड़मेर जिले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 9 महीने से फरार चल रहे एक बड़े डोडा पोस्त तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह चित्तौड़गढ़ से पूरे राजस्थान में अवैध डोडा पोस्त की सप्लाई करता था। पुलिस ने चित्तौड़गढ़ पुलिस के सहयोग से संयुक्त कार्रवाई कर आरोपी को डिटेन किया है। फिलहाल, आरोपी से डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है।

कैश वैन से हुई थी 738 किलो डोडा पोस्त की बरामदगी

यह मामला मार्च 2025 का है, जब गुड़ामालानी पुलिस ने 22 मार्च को आधी रात को छापेमारी कर एक फर्जी 'भारत सरकार' लिखी कैश वैन से भारी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था। वैन से कुल 738 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70-80 लाख रुपये थी।  

 इसके अलावा वैन से सुरक्षा के नाम पर 12 बोर की एक राइफल, 7 जिंदा कारतूस और सिक्योरिटी गार्ड की यूनिफॉर्म भी मिली थी। वैन को विशेष रूप से मॉडिफाई किया गया था – आगे-पीछे जाली लगी हुई थी और यह कैश ट्रांसपोर्ट वाहन जैसी दिखती थी, ताकि चेकिंग से बच सके। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए थे।

चित्तौड़गढ़ का सप्लायर निकला मुख्य आरोपी

पुलिस जांच में पता चला कि यह पूरी खेप चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर क्षेत्र निवासी अंबालाल से लाई गई थी। आरोपी चित्तौड़गढ़ से अवैध डोडा पोस्त की बड़ी खेपें गाड़ियों में भरवाकर राजस्थान के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता था। फरार होने के बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन वह महीनों तक हाथ नहीं आया। आखिरकार बाड़मेर एसपी के निर्देश पर आरोपी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। 

वांटेड आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में बाड़मेर जिले की ट्रैफिक डीएसपी और गुड़ामालानी पुलिस ने चित्तौड़गढ़ डीएसटी के साथ मिलकर आरोपी को ट्रेस किया। आखिरकार चित्तौड़गढ़ से ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरफ्तारी डोडा पोस्त तस्करी के बड़े नेटवर्क को तोड़ने में महत्वपूर्ण साबित होगी। आरोपी से पूछताछ में कई और खुलासे होने की उम्मीद है। बाड़मेर पुलिस अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।