दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: पिकअप में आग लगने से तीन लोग जिंदा जले, ड्राइवर गंभीर रूप से घायल
राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक पिकअप वाहन में आग लगने से तीन लोगों की जलकर मौत हो गई। हादसा रैणी थाना क्षेत्र में रात करीब 1 बजे हुआ
अलवर, 17 दिसंबर 2025: राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भयानक सड़क हादसा हुआ। रैणी थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 131.5 के पास दिल्ली से जयपुर की ओर जा रही एक पिकअप वाहन में किसी अन्य वाहन से टक्कर के बाद अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि वाहन में सवार तीन लोगों की मौके पर ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से झुलस गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 1 बजे हुआ। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ड्राइवर साइड से किसी वाहन ने पिकअप को टक्कर मारी, जिसके तुरंत बाद वाहन में चिंगारी उठी और देखते-ही-देखते यह आग के गोले में तब्दील हो गया। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि पिकअप में फंसे तीन यात्री बाहर नहीं निकल पाए। जब पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तो तीनों शव सीटों से चिपके हुए मिले। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग देखकर कई वाहन चालक रुक गए, लेकिन रेस्क्यू शुरू होने तक पिकअप पूरी तरह जल चुकी थी।
मृतकों की पहचान हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी मोहित, मध्य प्रदेश के सागर निवासी दीपेंद्र और पदम के रूप में हुई है। घायल ड्राइवर की पहचान झज्जर (हरियाणा) निवासी हन्नी के रूप में हुई है। हन्नी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जयपुर के अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पिकअप वाहन झज्जर रजिस्ट्रेशन का था, जिसके आधार पर पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए रैणी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।रैणी थाने के एएसआई मोहम्मद आमीन ने बताया कि हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है, लेकिन अनुमान है कि किसी अन्य वाहन से टक्कर के बाद आग लगी। पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, जिससे टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान हो सकेगी। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा और अफरा-तफरी का माहौल रहा।