राजस्थान की प्रगति को नई उड़ान: अमित शाह ने 9,300 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात, 4 लाख करोड़ के निवेश की शुरुआत

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 13 अक्टूबर 2025 को जयपुर में 9,300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

Oct 13, 2025 - 15:34
राजस्थान की प्रगति को नई उड़ान: अमित शाह ने 9,300 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात, 4 लाख करोड़ के निवेश की शुरुआत

जयपुर, 13 अक्टूबर 2025: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राजस्थान को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया। सोमवार को जयपुर के सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी) में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में शाह ने 9,300 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के तहत 4 लाख करोड़ रुपये के निवेश एमओयू की ग्राउंड ब्रेकिंग की, जो राज्य में औद्योगिक और आर्थिक क्रांति का आधार बनेगी।

विद्यार्थियों और दुग्ध उत्पादकों के लिए बड़ी राहत

शाह ने प्रदेश के करीब 40 लाख विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म के लिए 240 करोड़ रुपये और दुग्ध उत्पादकों को दूध सब्सिडी के रूप में 364 करोड़ रुपये की राशि का हस्तांतरण किया। इसके साथ ही, उन्होंने 150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के रजिस्ट्रेशन का शुभारंभ किया, जिससे लाखों परिवारों को बिजली बिल में राहत मिलेगी। इस दौरान 'विकसित राजस्थान-2047 कार्ययोजना' का विमोचन भी किया गया, जो राज्य के दीर्घकालिक विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है। शाह जयपुर में नवीन आपराधिक कानूनों पर आयोजित छह दिवसीय प्रदर्शनी 'नव विधान-न्याय की नई पहचान' के उद्घाटन के लिए आए थे। 

लोकार्पित परियोजनाएं: राजस्थान को नया स्वरूप

इस आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों में 9,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। ये परियोजनाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, ऊर्जा, और बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी। प्रमुख लोकार्पित कार्यों में शामिल हैं:

सड़क और परिवहन: भुसावर बाईपास और सड़क निर्माण के लिए 436.54 करोड़ रुपये के 20 कार्य, जगतपुरा जोन में डामर और सीसी सड़कों के लिए 4.87 करोड़ रुपये के 8 कार्य। 

पशुपालन: पशु चिकित्सा उपकेंद्रों और अस्पतालों के लिए 1,108.57 करोड़ रुपये के 57 कार्य, चूरू में खारा पानी एक्वाकल्चर प्रयोगशाला के लिए 1.40 करोड़ रुपये।

स्वास्थ्य: अभीम योजना के तहत ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स के लिए 615.81 करोड़ रुपये, 15वें वित्त आयोग के तहत उप स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 723.10 करोड़ रुपये, और चित्तौड़गढ़ में एनआरएचएम के तहत ड्रग वेयरहाउस व लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट के लिए 158.60 करोड़ रुपये।

शिक्षा: भोपालगढ़ (जोधपुर) में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के लिए 667.65 करोड़ रुपये, डाइट और स्कूलों के लिए 25.40 करोड़ रुपये, नर्सिंग कॉलेज, बूंदी के लिए 18.63 करोड़ रुपये।

आयुर्वेद और होम्योपैथी: आयुर्वेद औषधालयों के लिए 350 करोड़ रुपये और होम्योपैथिक औषधालयों के लिए 32.44 करोड़ रुपये।

पेयजल और स्मार्ट सिटी: जल जीवन मिशन के तहत 236.75 करोड़ रुपये के 3 कार्य, कोटा में इंद्र विहार और राजीव गांधी नगर की जलवितरण प्रणाली के लिए 12.55 करोड़ रुपये।

खेल और पर्यटन: लव कुश वाटिका, उदयपुर के लिए 136.96 करोड़ रुपये, सिन्थेटिक एथलेटिक ट्रैक के लिए 38.83 करोड़ रुपये, और इंडोर स्टेडियम व अकादमी भवनों के लिए 32 करोड़ रुपये।

आवास: प्रताप नगर, जयपुर में समृद्धि अपार्टमेंट्स के लिए 25.21 करोड़ रुपये, अल्पसंख्यक और जनजाति छात्रावासों व स्कूलों के लिए 108.46 करोड़ रुपये।

ऊर्जा: प्रधानमंत्री कुसम योजना के तहत सोलर संयंत्रों के लिए 1,029.44 करोड़ रुपये के 161 कार्य, 220/132 केवी जीएसएस के लिए 375.54 करोड़ रुपये।

अन्य: बायोगैस प्लांट, जिला कारागृह, पुलिस थाना, और सामुदायिक केंद्रों जैसे कार्यों के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाएं।

शिलान्यास: भविष्य की मजबूत नींव

शाह ने कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया, जो राजस्थान के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विकास को गति देंगे। इनमें शामिल हैं:

सड़क और परिवहन: जवाई पुलिया, सिरोही का जीर्णोद्धार और सड़क निर्माण के लिए 1,405 करोड़ रुपये के 67 कार्य। 

पेयजल: नर्मदा नहर आधारित ग्रामीण जल प्रदाय और फ्लोरोसिस मिटिगेशन परियोजना के लिए 1,039.98 करोड़ रुपये, नागौर लिफ्ट परियोजना के लिए 404.41 करोड़ रुपये, और जल जीवन मिशन के तहत 235.80 करोड़ रुपये के 55 कार्य।

ऊर्जा: प्रधानमंत्री कुसम योजना के तहत 805.38 करोड़ रुपये के 172 कार्य, 220/132 केवी जीएसएस के लिए 961.18 करोड़ रुपये।

स्वास्थ्य: चूरू जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 172.57 करोड़ रुपये, 15वें वित्त आयोग के तहत 108.99 करोड़ रुपये।

शिक्षा: राजकीय आईटीआई के लिए 37.16 करोड़ रुपये, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के लिए 80.15 करोड़ रुपये, और राजकीय महाविद्यालयों के लिए 93.70 करोड़ रुपये।

पर्यटन: आमेर और आसपास के पर्यटक स्थलों के लिए 16.86 करोड़ रुपये, और चित्तौड़गढ़, अजमेर, डीडवाना, करौली व जोधपुर में पैनोरमा निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये।

अन्य: जनजाति एकलव्य स्कूल, पुलिस थाना, सामुदायिक केंद्र, और तालाब-नहरों के लिए विभिन्न कार्य। 

राजस्थान के लिए ऐतिहासिक क्षण

यह आयोजन राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक क्षण साबित हुआ। अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि ये परियोजनाएं न केवल बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी, बल्कि रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, और पर्यटन को बढ़ावा देकर राज्य को समृद्ध बनाएंगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्र सरकार के सहयोग की सराहना की और कहा कि 'विकसित राजस्थान-2047' का सपना इन पहलों के साथ हकीकत में बदल रहा है।