रामगढ़, अलवर में ग्राम उत्थान शिविर: 152 करोड़ के विकास कार्य, गांवों तक पहुंचे सरकारी लाभ
रामगढ, अलवर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन कर 152 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी।
राजस्थान सरकार द्वारा अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम उत्थान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को अलवर जिले के रामगढ़ क्षेत्र के ग्राम बहाला में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन किया और ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अलवर शहर और आसपास के क्षेत्रों के लिए 152 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं में शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, बुनियादी ढांचा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार स्वयं पात्र लाभार्थियों तक पहुंचकर समस्याओं का त्वरित समाधान कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव देश की आत्मा हैं और इन्हें मजबूत किए बिना समग्र विकास संभव नहीं है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से गांवों में बुनियादी सुविधाएं सशक्त की जा रही हैं। इससे ग्रामीण जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वीबी जी राम जी कानून के तहत ग्रामीणों को अब 125 दिन का रोजगार मिलेगा। सभी कार्य आधुनिक तकनीक और पारदर्शिता के साथ किए जाएंगे, जिससे मजदूरी सीधे श्रमिकों के खातों में पहुंचेगी। इससे स्थायी संपत्तियों का निर्माण होगा और गांवों का बुनियादी ढांचा मजबूत बनेगा।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अब तक प्रदेश में 1800 से ज्यादा ग्राम उत्थान शिविर लगाए जा चुके हैं। इन शिविरों के माध्यम से सॉइल हेल्थ कार्ड, स्वामित्व कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, पशु उपचार और पीएम सूर्य घर योजना से जुड़े हजारों लाभार्थियों को सीधा लाभ मिला है।
राज्य सरकार किसानों को किसान सम्मान निधि के तहत 9 हजार रुपये की सहायता दे रही है। पशुपालकों के लिए मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना शुरू की गई है। वहीं युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर सरकारी भर्तियां की जा रही हैं और नई युवा नीति के तहत बिना ब्याज ऋण की सुविधा दी जा रही है।केन्द्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव ने ग्राम उत्थान शिविरों को ग्रामीण विकास का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से विकसित राजस्थान की दिशा में तेजी से कदम बढ़ रहे हैं।