बाड़मेर में 2 माह से फरार अफीम सप्लायर गिरफ्तार, पुलिस को देख रेतीले धोरों में भागा
बीजराड़ पुलिस ने दो माह से फरार अफीम सप्लायर टीकमाराम को रेतीले धोरों से पकड़ लिया, 787 ग्राम अफीम दूध जब्त।
बाड़मेर जिले की बीजराड़ पुलिस ने ऑपरेशन धरकर भर अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो माह से फरार चल रहे मादक पदार्थ सप्लायर टीकमाराम पुत्र खेताराम निवासी नवातला राठौड़ान, धनाऊ को गिरफ्तार किया है।
धनाऊ पुलिस ने 4 सितंबर 2025 को अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 787 ग्राम अफीम का दूध जब्त किया था, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था।
एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। वांटेड आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। इसी कड़ी में चौहटन डीएसपी जेठाराम के सुपरविजन और थानाधिकारी मगाराम के नेतृत्व में बीजराड़ पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस ने तकनीकी व गोपनीय सूचना के आधार पर आरोपी के घर पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी रेतीले धोरों की ओर भाग निकला, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे धर दबोचा। इस कार्रवाई में कॉन्स्टेबल बाबूलाल और रताराम की अहम भूमिका रही।
पुलिस अब आरोपी से अफीम की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।