बाड़मेर में बिजनेसमैन की फॉर्च्यूनर में लगी आग, कुछ ही मिनटों में कार जलकर राख
बाड़मेर के गुड़ामालानी में रात ढाई बजे बिजनेसमैन की फॉर्च्यूनर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, कार खाक।
राजस्थान के बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी कस्बे में शुक्रवार देर रात एक बिजनेसमैन की फॉर्च्यूनर कार में अचानक आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसा जैन मोहल्ले में रात करीब ढाई बजे हुआ, जब कार घर के आगे बनी पार्किंग में खड़ी थी।
स्थानीय निवासी संजय कुमार पुत्र बाबूलाल जैन की यह कार अचानक धुएं के साथ जलने लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घरवालों ने शोर मचाया तो आस-पड़ोस के लोग मदद को पहुंचे और बाल्टियों से पानी व रेत डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी फॉर्च्यूनर राख में तब्दील हो गई।
सूचना पर गुड़ामालानी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। थाने के एएसआई निंबाराम ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला शॉर्ट सर्किट से आग लगने का लग रहा है। फिलहाल कार के अवशेषों की जांच की जा रही है।
घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन लाखों रुपए की कार जल जाने से व्यापारी परिवार को भारी नुकसान हुआ है। रात के समय हुई इस घटना ने पूरे मोहल्ले को दहशत में डाल दिया।