बाड़मेर में बिना सांसद की अनुमति ‘सांसद खेल महोत्सव’, उम्मेदाराम बेनीवाल ने कलेक्टर से मांगा तुरंत जवाब!

सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने बिना अनुमति आयोजित ‘सांसद खेल महोत्सव’ पर कलेक्टर से स्पष्टीकरण मांगा, कार्यक्रम रोके जाने, पूर्व सांसद, विवाद, बाड़मेर।

Oct 16, 2025 - 20:49
बाड़मेर में बिना सांसद की अनुमति ‘सांसद खेल महोत्सव’, उम्मेदाराम बेनीवाल ने कलेक्टर से मांगा तुरंत जवाब!
इमेज सोशल मीडिया से लिया गया है।

बाड़मेर: बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने जिले में ‘सांसद खेल महोत्सव’ नाम से आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम पर कड़ी आपत्ति जताई है। सांसद ने इस संबंध में 16 अक्टूबर 2025 को बाड़मेर जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा है कि सांसद के संज्ञान और अनुमति के बिना यह आयोजन किसके निर्देश पर और किस स्तर पर स्वीकृत किया गया।

सांसद बेनीवाल ने पत्र में कहा कि “सांसद” नाम से आयोजित कोई भी कार्यक्रम संबंधित लोकसभा क्षेत्र के वर्तमान सांसद के मार्गदर्शन और देखरेख में किया जाना चाहिए। उन्होंने लिखा कि उनके नाम से आयोजित यह कार्यक्रम अनुचित है और भ्रामक स्थिति उत्पन्न करता है। सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में हुई टेलीफोनिक बातचीत में कलेक्टर ने ऐसे किसी कार्यक्रम की जानकारी न होने की बात कही थी, फिर भी अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा आदेश जारी कर कर्मचारियों को इसमें लगाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह खेल महोत्सव पूर्व सांसद कैलाश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में विवाद और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

सांसद बेनीवाल ने निर्देश दिया है कि ‘सांसद खेल महोत्सव’ नाम से आयोजित यह कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से रोका जाए, और भविष्य में इस नाम से किसी भी आयोजन से पहले सांसद कार्यालय से पूर्व अनुमति और परामर्श लिया जाए। मामला अब जिले में राजनीतिक मर्यादा और अधिकार क्षेत्र को लेकर चर्चा का विषय बन गया है।

Prahlad Ratnoo As a passionate reader, I believe every story deserves to be heard. I strive to bring heartfelt stories to life.