राजस्थान बजट सत्र से पहले सियासी हलचल, आज सीएम आवास पर बीजेपी विधायक दल की बैठक

राजस्थान बजट सत्र से पहले सीएम आवास पर बीजेपी विधायक दल की बैठक, सर्वदलीय चर्चा और रणनीति पर मंथन

Jan 27, 2026 - 09:08
राजस्थान बजट सत्र से पहले सियासी हलचल, आज सीएम आवास पर बीजेपी विधायक दल की बैठक

राजस्थान विधानसभा के आगामी बजट सत्र को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। सरकार और विपक्ष दोनों ही सत्र को लेकर अपनी-अपनी रणनीति तय करने में जुटे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार, 27 जनवरी को मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। वहीं, इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी भी सर्वदलीय बैठक बुलाकर सभी दलों के विधायकों से चर्चा करेंगे।

सीएम आवास पर शाम 4:30 बजे होगी भाजपा विधायक दल की बैठक

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार शाम 4:30 बजे सीएम आवास पर भाजपा विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक को आगामी बजट सत्र के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने पार्टी के सभी विधायकों को समय पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान फ्लोर मैनेजमेंट, विपक्ष के संभावित सवालों और सरकार की प्राथमिकताओं को लेकर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। भाजपा नेतृत्व चाहता है कि बजट सत्र के दौरान सरकार का पक्ष मजबूती से रखा जाए और विधायकों के बीच बेहतर समन्वय बना रहे।

बैठक के बाद विधायकों के लिए डिनर का भी आयोजन

भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद शाम 7 बजे मुख्यमंत्री आवास पर विधायकों के लिए डिनर का आयोजन भी रखा गया है। माना जा रहा है कि इस अनौपचारिक मुलाकात के दौरान भी कई अहम राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। डिनर के जरिए पार्टी नेतृत्व विधायकों से सीधे संवाद कर जमीनी फीडबैक भी ले सकता है।

दोपहर 3 बजे सर्वदलीय बैठक लेंगे विधानसभा अध्यक्ष

बजट सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मंगलवार दोपहर 3 बजे सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक विधानसभा अध्यक्ष के कक्ष में आयोजित होगी। इसमें सत्र के सुचारु संचालन, सदन की कार्यवाही और सभी दलों के सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।इस बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक योगेश्वर गर्ग, विपक्ष के मुख्य सचेतक रफीक खान सहित विधायक सुभाष गर्ग, मनोज कुमार और थावरचंद के शामिल होने की संभावना है। सर्वदलीय बैठक का उद्देश्य सदन में स्वस्थ और सकारात्मक चर्चा का माहौल बनाना है।

16वीं विधानसभा का होगा पांचवां सत्र

राजस्थान विधानसभा का यह 16वीं विधानसभा का पांचवां सत्र होगा। बजट सत्र को सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण सत्र माना जाता है, क्योंकि इसी दौरान राज्य के विकास और नीतियों की दिशा तय होती है। सत्र के दौरान विपक्ष सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी में है, वहीं सरकार अपनी उपलब्धियों और योजनाओं को मजबूती से रखने की रणनीति बना रही है।

11 फरवरी 2026 को पेश होगा राजस्थान का बजट

प्रदेश सरकार आगामी बजट 11 फरवरी 2026 को विधानसभा में पेश करेगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार संभाग स्तर पर राजनीतिक और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे हैं और उनसे फीडबैक ले रहे हैं। सरकार का फोकस इस बार विकास और जनकल्याण पर रहने की उम्मीद है।सूत्रों के अनुसार, इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, रोजगार के नए अवसर, युवाओं और किसानों के लिए योजनाएं तथा सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों पर खास जोर दिया जा सकता है। सरकार का प्रयास रहेगा कि बजट के जरिए प्रदेश के हर वर्ग को साधा जाए।


बजट सत्र से पहले सियासी गतिविधियां चरम पर

बजट सत्र से पहले भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपने-अपने स्तर पर रणनीति बनाने में जुटे हैं। भाजपा विधायक दल की बैठक और सर्वदलीय बैठक को इसी रणनीतिक तैयारी का हिस्सा माना जा रहा है। आने वाले दिनों में बजट सत्र के साथ ही राजस्थान की राजनीति में और भी तेज हलचल देखने को मिल सकती है।