राजस्थान में नए साल के जश्न से पहले पकड़ा 150 किलोग्राम विस्फोटक, यूरिया की बोरियों में छुपा रखा था अमोनियम नाइट्रेट, 2 गिरफ्तार
टोंक जिले में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार से 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट और अन्य विस्फोटक सामग्री जब्त की है। यूरिया खाद के कट्टों में छिपाकर ले जाई जा रही इस सामग्री के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब विस्फोटक की सप्लाई चेन और उद्देश्य की जांच कर रही है।
राजस्थान के टोंक जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 किलो विस्फोटक सामग्री (अमोनियम नाइट्रेट) ले जा रही एक कार को पकड़ा है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अमोनियम नाइट्रेट टोंक क्षेत्र में ही सप्लाई किया जाना था।
मामला बरौनी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-52 पर स्थित चिरोंज गांव के पास का है। पुलिस के अनुसार आरोपी कार में यूरिया खाद के कट्टों के बीच अमोनियम नाइट्रेट छिपाकर ले जा रहे थे, ताकि किसी को शक न हो। तलाशी के दौरान कार में चार अलग-अलग कट्टों में करीब 150 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया।
डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा ने बताया कि अमोनियम नाइट्रेट अत्यंत खतरनाक होता है और इसका उपयोग विस्फोट की घटनाओं में किया जा सकता है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह विस्फोटक कहां से लाए थे और इसे किसे सप्लाई करने वाले थे।
डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान सुबह करीब 9 बजे बूंदी से टोंक की ओर आ रही एक सियाज कार संदिग्ध नजर आई। टीम ने पीछा किया तो कार सवार भागने लगे, जिन्हें गांव के बाहर घेराबंदी कर रोक लिया गया। पूछताछ में आरोपी घबरा गए।
थाना प्रभारी के अनुसार कार से विस्फोटक के साथ 200 डेंजर एक्सप्लोसिव कार्टेज, सेफ्टी फ्यूज वायर के 6 बंडल और करीब 11 मीटर वायर भी जब्त की गई है।
पुलिस ने कार सवार सुरेंद्र (48) और सुरेंद्र मोची (33), निवासी करवर, जिला बूंदी को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर गहन पूछताछ की जा रही है।