राजस्थान विधानसभा बजट सत्र शुरू, राज्यपाल अभिभाषण से हुई औपचारिक शुरुआत
राजस्थान विधानसभा का बजट सत्र आज से शुरू, राज्यपाल अभिभाषण के बाद 11 फरवरी को पेश होगा बजट
राजस्थान विधानसभा का बहुप्रतीक्षित बजट सत्र आज यानी 28 जनवरी से शुरू हो रहा है। यह सत्र प्रदेश की राजनीति और विकास की दिशा तय करने के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के अभिभाषण से होगी। राज्यपाल के अभिभाषण के साथ ही विधानसभा की औपचारिक कार्यवाही प्रारंभ होगी।
राज्यपाल के स्वागत की पूरी तैयारी
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे के विधानसभा पहुंचने पर प्रोटोकॉल के तहत उनका स्वागत किया जाएगा। सदन के नेता एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और विधानसभा सचिव भारत भूषण शर्मा राज्यपाल को रिसीव करेंगे। अभिभाषण के दौरान राज्यपाल सरकार की नीतियों, योजनाओं और आगामी प्राथमिकताओं का खाका सदन के सामने रखेंगे।
अभिभाषण के बाद श्रद्धांजलि, फिर स्थगित होगी कार्यवाही
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद वे राजभवन लौट जाएंगे। इसके बाद उनके पहुंचने की सूचना मिलने पर विधानसभा की बैठक दोबारा बुलाई जाएगी। इस दौरान हाल ही में दिवंगत जनप्रतिनिधियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। शोकाभिव्यक्ति के बाद पहले दिन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया जाएगा।
अहम विधेयकों की तैयारी पूरी
बजट सत्र के दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पेश करने की तैयारी कर चुकी है। इनमें डिस्टर्ब एरिया एक्ट से जुड़ा विधेयक, पंचायतीराज और शहरी निकाय चुनावों से संबंधित संशोधन प्रमुख हैं। सरकार पंचायतीराज कानून और नगरपालिका कानून में संशोधन कर दो बच्चों की बाध्यता हटाने के लिए दो अलग-अलग विधेयक ला सकती है। इन विधेयकों का प्रारूप पहले ही तैयार किया जा चुका है। इसके अलावा आधा दर्जन से अधिक अन्य विधेयक भी इस सत्र में पेश किए जाने की संभावना है।
28 फरवरी तक चल सकता है सत्र
विधानसभा का बजट सत्र 28 जनवरी से 28 फरवरी तक चल सकता है। इस दौरान करीब 20 बैठकों के आयोजन की संभावना जताई जा रही है। राज्यपाल के अभिभाषण पर तीन से चार दिनों तक चर्चा हो सकती है। चर्चा के बाद सरकार अपना औपचारिक जवाब देगी। इसके पश्चात लगभग एक सप्ताह का अवकाश प्रस्तावित किया जा सकता है।
11 फरवरी को पेश होगा राज्य का बजट
सत्र के दूसरे चरण में बजट और विधायी कार्यों पर चर्चा शुरू होगी। राज्य सरकार 11 फरवरी को विधानसभा में वार्षिक बजट पेश करेगी। यह बजट मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई वाली सरकार का महत्वपूर्ण बजट माना जा रहा है, जिसमें विकास, रोजगार और जनकल्याण पर विशेष फोकस रहने की उम्मीद है।
बजट सत्र से पहले बीजेपी विधायक दल की बैठक
बजट सत्र से एक दिन पहले यानी 27 जनवरी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा विधायक दल की बैठक ली। बैठक में सदन के सुचारू संचालन और रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने विधायकों को निर्देश दिया कि वे सदन में सरकार का पक्ष मजबूती और सक्रियता के साथ रखें।
मुख्यमंत्री ने बताया सत्र को अहम
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बैठक के दौरान कहा कि बजट सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस सत्र में राज्य सरकार एक समावेशी और व्यापक बजट पेश करेगी, जो जनता की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करेगा। मुख्यमंत्री के अनुसार यह बजट राजस्थान के विकास को नई गति देने का काम करेगा।