पेपर लीक से शिक्षा संकट तक: विधानसभा में रविन्द्र सिंह भाटी का सरकार पर तीखा हमला
विधानसभा में शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने पेपर लीक, शिक्षा बदहाली और युवाओं के भविष्य पर सरकार को घेरा।
राजस्थान विधानसभा के बजट सत्र में शिव से विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान युवाओं, शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक मामलों को लेकर सरकार और सिस्टम पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान युवाओं का प्रदेश है, लेकिन लगातार हो रहे पेपर लीक और शिक्षा में गिरावट ने उनके सपनों को तोड़ दिया है।
पेपर लीक: सुनियोजित अपराध का आरोप
विधायक भाटी ने कहा कि पेपर लीक कोई अचानक हुई घटना नहीं, बल्कि वर्षों से चल रहा एक संगठित अपराध है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। ओएमआर शीट से जुड़े हालिया मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे युवाओं के साथ खुला विश्वासघात बताया। भाटी ने कहा कि परीक्षा के नाम पर अभ्यर्थियों की गरिमा को ठेस पहुंचाई जाती है, लेकिन इसके बावजूद पेपर लीक रुक नहीं रहे हैं।
भाटी ने सदन को आगाह करते हुए कहा कि युवा सब कुछ देख और समझ रहा है। वह यह भी परख रहा है कि उसके भविष्य को लेकर जनप्रतिनिधि कितने गंभीर हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता के पास सत्ता देने और वापस लेने, दोनों की ताकत होती है। उन्होंने पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर विशेष चर्चा की मांग की।
शिक्षा व्यवस्था की बदहाली
शिक्षा पर बोलते हुए भाटी ने प्रदेश में शिक्षकों की भारी कमी, जर्जर स्कूल भवन, कक्षाओं और शौचालयों की कमी का जिक्र किया। उन्होंने सवाल किया कि वर्षों से चली आ रही इन समस्याओं का समाधान अब तक क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों की हालत इतनी खराब है कि कई जगह बच्चे जान जोखिम में डालकर पढ़ने को मजबूर हैं।
सरकारी स्कूलों पर ध्यान देने की मांग
विधायक भाटी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के कथन का हवाला देते हुए शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि शिक्षा में वास्तविक सुधार चाहिए, तो पंच से लेकर सांसद और अधिकारी तक के बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाना अनिवार्य किया जाए। इससे व्यवस्था अपने आप सुधरेगी।
सड़कों की हालत पर भी उठाई आवाज
प्रश्नकाल के दौरान भाटी ने शिव विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाया। उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख सड़कों की मरम्मत और स्थायी समाधान की मांग करते हुए कहा कि खराब सड़कों से आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इस विषय को उन्होंने उप मुख्यमंत्री के समक्ष भी मजबूती से रखा। अपने वक्तव्य के अंत में भाटी ने पक्ष और विपक्ष से युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।