अमित शाह का राजस्थान दौरा: 10 हजार नए पुलिस कांस्टेबलों को मिलेगा नियुक्ति पत्र

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 10 जनवरी 2026 को जयपुर आएंगे, जहां वे राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) में नव चयनित लगभग 10 हजार पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। यह राज्य स्तरीय समारोह होगा

Jan 8, 2026 - 14:40
अमित शाह का राजस्थान दौरा: 10 हजार नए पुलिस कांस्टेबलों को मिलेगा नियुक्ति पत्र

जयपुर/जोधपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन महीने में दूसरी बार राजस्थान दौरे पर आ रहे हैं। उनका 10 जनवरी को जयपुर में मुख्य कार्यक्रम निर्धारित है, जहां वे राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) में हाल ही में चयनित लगभग 10 हजार पुलिस कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम राज्य स्तरीय समारोह के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें शाह सांकेतिक रूप से टॉपर्स को अपने हाथों से नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

पुलिस प्रशासन ने इस दौरे को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों और बटालियनों से चयनित कांस्टेबलों को जयपुर बुलाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी नव नियुक्त कांस्टेबल राजस्थान पुलिस के ट्रैक सूट में समारोह में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा सहित कई मंत्री और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे।इससे पहले अमित शाह अक्टूबर 2025 में जयपुर आए थे, जहां उन्होंने जयपुर एग्जिबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेसीसी) में तीन नए आपराधिक कानूनों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया था। साल 2025 में यह उनका राजस्थान का चौथा दौरा था।वहीं, सूत्रों के अनुसार शाह का जोधपुर दौरा भी प्रस्तावित है। वे 9 जनवरी को जोधपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय माहेश्वरी महाधिवेशन और ग्लोबल एक्सपो में भाग ले सकते हैं। यह आयोजन 9 से 11 जनवरी तक चलेगा, जिसमें माहेश्वरी समाज के हजारों सदस्य शामिल होंगे। हालांकि, जोधपुर दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है।

दौरे के दौरान अमित शाह मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ के साथ सरकार तथा संगठन के कामकाज और आगामी योजनाओं पर चर्चा भी कर सकते हैं। भजनलाल सरकार के लिए 10 हजार नए कांस्टेबलों की भर्ती पूरी करना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।