जोधपुर ने रचा पर्यटन में नया इतिहास, वर्ष 2025 में आए 38 लाख से अधिक पर्यटक।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्ष 2025 में जोधपुर में 38 लाख से अधिक पर्यटकों के आगमन को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों, बेहतर पर्यटन अवसंरचना, विरासत संरक्षण, कनेक्टिविटी, स्वच्छता और सुरक्षा के चलते जोधपुर एक ‘कम्प्लीट टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ के रूप में उभरा है। समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और हस्तशिल्प ने भी पर्यटन को नई गति दी है, वहीं स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन शहर की पहचान को और मजबूत करने वाला साबित
जोधपुर ने रचा पर्यटन इतिहास, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जताई खुशी — बोले, ‘वैश्विक मानचित्र पर उभरा कम्प्लीट टूरिस्ट हब’
जयपुर, 29 जनवरी।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्ष 2025 में जोधपुर में 38 लाख से अधिक पर्यटकों के आगमन को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि जोधपुर अब देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक पूर्ण पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा अपनाए गए “विकास भी, विरासत भी” के दृष्टिकोण का सकारात्मक परिणाम आज जोधपुर के पर्यटन क्षेत्र में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। केंद्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों से शहर में पर्यटन से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण हुआ है।
उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, आधुनिक कनेक्टिविटी, स्वच्छता व्यवस्था, पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधाओं के विस्तार ने जोधपुर को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानकों के अनुरूप विकसित किया है। इसका सीधा लाभ पर्यटक संख्या में निरंतर बढ़ोतरी के रूप में सामने आया है।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि जोधपुर की सांस्कृतिक विरासत, किले-महल, लोककला और पारंपरिक हस्तशिल्प देश-विदेश के सैलानियों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहे हैं, जिससे पर्यटन क्षेत्र में स्थायित्व के साथ विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि उनकी पहल पर गत वर्ष स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह जोधपुर में आयोजित किया गया, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर शहर की पहचान को मजबूती मिली और पर्यटन गतिविधियों को नई गति प्राप्त हुई।