मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सख्त निर्देश — शराब पीकर वाहन चलाने वालों के रद्द होंगे लाइसेंस, अवैध कट और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई

सीएम भजनलाल शर्मा ने सड़क सुरक्षा पर सख्त रुख अपनाया, 4 नवंबर से 15 दिन का विशेष अभियान शुरू।

Nov 4, 2025 - 06:32
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का सख्त निर्देश — शराब पीकर वाहन चलाने वालों के रद्द होंगे लाइसेंस, अवैध कट और ओवरलोडिंग पर सख्त कार्रवाई
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर, 3 नवम्बर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के लाइसेंस रद्द किए जाएं, ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग के मामलों में सख्त कार्रवाई हो, और राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे बने अवैध कट व ढाबों को तुरंत हटाया जाए।

मुख्यमंत्री ने सोमवार को सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि 4 नवंबर से पूरे प्रदेश में 15 दिन का विशेष “सड़क सुरक्षा अभियान” चलाया जाएगा।

---

🔹 सड़क सुरक्षा को लेकर सीएम का सख्त रुख

सीएम शर्मा ने कहा कि ओवरस्पीड या शराब के नशे में ड्राइविंग करने वाले चालकों के लाइसेंस निरस्त किए जाएं। साथ ही, राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर अवैध कट, ढाबे, पार्किंग और अतिक्रमणों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा — “समय पर कार्रवाई नहीं करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू होगी।”

🔹 हाईवे पर गलत दिशा से आने वाले वाहनों पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि हाईवे पर गलत दिशा से वाहन चलाने वालों के खिलाफ इंटरसेप्टर तैनात कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जयपुर, कोटा, अजमेर और भरतपुर हाईवे पर वाहन चालकों के लिए आराम स्थलों का निर्माण कराया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

---

🔹 चिकित्सकीय तैयारी और आपात सेवाओं को मजबूत करने के निर्देश

मुख्यमंत्री शर्मा ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि दुर्घटना की स्थिति में घायलों को एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस से तत्काल अस्पताल पहुंचाया जाए। साथ ही, ट्रक चालकों की आंखों की जांच 15 नवम्बर से 15 फरवरी तक अनिवार्य रूप से की जाएगी।

🔹 सड़क किनारे रिफ्लेक्टर और पेड़ों की कटाई पर जोर

सीएम ने कहा कि सर्दी और कोहरे के मौसम में सड़क सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर लगाए जाएं, साथ ही सड़क किनारे पेड़-पौधों और झाड़ियों की कटाई कर दृश्यता बढ़ाई जाए।

---

🔹 जयपुर में ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जयपुर पुलिस आयुक्त को निर्देश दिए कि रात्रिकालीन ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया जाए, और आवश्यकतानुसार यातायात पुलिस बल को बढ़ाया जाए।

---

🔹 सड़क सुरक्षा अभियान में जनजागरूकता पर फोकस

सीएम शर्मा ने कहा कि परिवहन, पुलिस और पीडब्ल्यूडी विभाग मिलकर सड़क सुरक्षा पर जनजागरूकता अभियान चलाएं। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया जाए।

Mahaveer Sankhlecha I am a reporter dedicated to delivering accurate news and meaningful stories to the public.